जाल में फंसाकर 2.80 लाख रुपये और सोने के जेवर ऐंठे, शारीरिक शोषण का भी आरोप
सूरत के कपोद्रा इलाके में सोशल मीडिया ऐप ‘स्नैपचैट’ के जरिए हुई दोस्ती एक शादीशुदा महिला के लिए गंभीर मुसीबत बन गई। कपोद्रा में रहने वाली महिला की फरवरी 2026 में जकातनाका निवासी टोनीश उर्फ जैनिल घनश्यामभाई पडसाला से पहचान हुई थी। विश्वास में लेने के बाद आरोपी पर ब्लैकमेलिंग, दुष्कर्म और लाखों रुपये व सोने के आभूषण ऐंठने का आरोप लगा है। इस मामले में कपोद्रा पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने 2.80 लाख रुपये नकद ऐंठे
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी टोनीश ने पहले साइबर क्राइम के मामले में खुद के फंसने का झूठा नाटक किया और पुलिस तथा वकीलों को पैसे देने के बहाने महिला से रकम मांगी। इसके बाद उसने महिला के पति को स्नैपचैट के स्क्रीनशॉट दिखाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसी तरह डर दिखाकर आरोपी ने अलग-अलग चरणों में महिला से 2.80 लाख रुपये नकद ऐंठ लिए। आरोप है कि इसके बाद भी वह नहीं रुका और महिला की इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
धमकाकर सोने के आभूषण भी उतरवा लिए
आरोपी की लालच बढ़ती गई और उसने महिला को धमकाकर सोने की रुद्राक्ष माला, पाटला, मंगलसूत्र, अंगूठियां, हार, बालियां, कड़ली, पोचा और पेंडल समेत कई कीमती सोने के आभूषण जबरन उतरवा लिए।आभूषण ऐंठने की इस पूरी साजिश में टोनीश का दोस्त आशीष वेकरिया भी उसके साथ शामिल होने का आरोप है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
आरोपियों के कथित मानसिक, आर्थिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर महिला ने आखिरकार कपोद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कपोद्रा पुलिस ने केस दर्ज करने के कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी टोनीश उर्फ जैनिल पडसाला और उसके साथी आशीष वेकरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।












