सूरत, उधना पुलिस ने अवैध रूप से अधिक ब्याज वसूलने और गिरवी रखे गए सोने के आभूषण वापस नहीं करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं गुजरात मनी लेंडर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने वर्ष 2020 में आर्थिक आवश्यकता के चलते श्री साईं कृपा नाम से व्यापार करने वाले सचिन पंजबराव रडके और अमित पंजबराव रडके से 56.69 ग्राम सोने के आभूषण गिरवी रखकर ₹2.40 लाख उधार लिए थे। आरोप है कि दोनों ने मूलधन से अधिक ब्याज वसूला और शिकायतकर्ता से करीब ₹1.49 लाख ब्याज लेने के बाद भी आभूषण वापस नहीं किए।
शिकायतकर्ता ने बाद में आभूषण छुड़ाने के लिए ₹3 लाख भी दिए, लेकिन आरोपियों ने न तो आभूषण लौटाए और न ही रकम का उचित हिसाब किया। इसके बाद जब शिकायतकर्ता ने अपने गिरवी रखे आभूषण लौटाने की मांग की, तो उसे कथित रूप से धमकाया गया।
इस संबंध में उधना पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता-2023 की संबंधित धाराओं तथा गुजरात मनी लेंडर्स एक्ट-2011 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलौत के निर्देश पर चलाए जा रहे सूदखोरों के विरुद्ध अभियान के तहत सर्विलांस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर अमित पंजबराव रडके (36) और सचिन पंजबराव रडके (40) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मूल रूप से अमरावती (महाराष्ट्र) के निवासी हैं और वर्तमान में सूरत के खटोदरा क्षेत्र में रह रहे थे।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



