नागपुर, महाराष्ट्र पुलिस ने एक महिला डॉक्टर की शिकायत पर एक IPS अधिकारी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी अधिकारी ने शादी का झांसा देकर महिला से शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे नजरअंदाज करने लगा। महिला की शिकायत पर नागपुर के इमामवाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आईपीएस अधिकारी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला? पीड़िता, जो इस समय 28 वर्ष की है, ने बताया कि जब वह MBBS की पढ़ाई कर रही थी और साथ ही UPSC की तैयारी कर रही थी, तभी उसकी सोशल मीडिया पर आरोपी से जान-पहचान हुई। दोनों की नज़दीकियां बढ़ती गईं और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। आरोपी ने उसे शादी का वादा किया और दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। बाद में जब आरोपी IPS के रूप में चुना गया और उसकी पोस्टिंग हुई, तो उसने महिला से दूरी बनाना शुरू कर दी। यहां तक कि उसके परिवार वालों ने भी पीड़िता को नज़रअंदाज़ करना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि चयन के बाद आरोपी ने न केवल शादी से इनकार कर दिया बल्कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित भी किया। आरोप ये भी है कि आरोपी ने पीड़िता के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
हैदराबाद में हुआ था टकराव:
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अधिकारी से मिलने प्रशिक्षण के दौरान हैदराबाद भी गई थी, जहां उसने शादी का दबाव बनाया, लेकिन आरोपी ने उसे वहां से निकाल दिया। इसके बाद महिला ने नागपुर पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईपीएस अधिकारी के खिलाफ बलात्कार और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।